जूनागढ़, 15 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर गिरनार की गोद में स्थित भवनाथ तलहटी में विराजमान स्वयंभू भवनाथ महादेव के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री कौशिकभाई वेकाऱिया भी उनके साथ थे। उन्होंने भी श्रद्धाभाव से भगवान शिव की पूजा की।

मुख्यमंत्री पटेल ने महाशिवरात्रि के अवसर पर जूनागढ़ में परंपरागत रूप से आयोजित पांच दिवसीय महाशिवरात्रि मेले के अंतिम दिन भवनाथ मंदिर परिसर में साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया और उन्हें खेस अर्पित कर सम्मानित किया। संत समागम के लिए प्रसिद्ध इस मेले में मुख्यमंत्री ने साधु-संतों से मिलकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव भी किया।

मुख्यमंत्री ने भवनाथ मंदिर स्थित अखंड धूणा के दर्शन किए और इसके बाद मृगीकुंड पहुंचकर श्रद्धापूर्वक उन्हें नमन किया। महाशिवरात्रि मेले के अंतर्गत मंदिर परिसर के सत्संग हॉल में उन्होंने मुक्तानंद बापू, शेरनाथ बापू, हरिहरानंद बापू, महेशगिरी बापू, महेंद्रानंदगिरी बापू, संपूर्णानंदजी बापू, राजेंद्रदास बापू, भारद्वाजगिरी बापू, बुद्धगिरी बापू, सोमनाथजी बापू सहित अन्य साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और खेस व फूलमाला पहनाकर उनका अभिवादन किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री का स्वागत जिला कलेक्टर अनिलकुमार राणावासिया और गुजरात पवित्र यात्राधाम बोर्ड के सदस्य सचिव रमेश मेरजा द्वारा स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया। ऊर्जा राज्य मंत्री कौशिकभाई वेकऱिया का भी प्रशासन की ओर से सम्मान किया गया। प्रांत और मेला अधिकारी चरणसिंह गोहिल ने महाशिवरात्रि मेले की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने भवनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से सहजता से बातचीत कर उनका अभिवादन किया।
उल्लेखनीय है कि महाशिवरात्रि मेले में विभिन्न अखाड़ों के साधु-संतों और दिगंबर साधुओं की महाशिवरात्रि पर निकलने वाली रवेड़ी का विशेष महत्व होता है।
इस अवसर पर मेयर धर्मेशभाई पोशिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हरेशभाई ठुमर, सांसद राजेशभाई चुडासमा, विधायक संजयभाई कोरडिया, देवाभाई मालम, भगवानजीभाई करगटिया, डिप्टी मेयर आकाशभाई कटारा, स्टैंडिंग कमेटी चेयरपर्सन पल्लवीबेन ठाकर, शासक पक्ष के नेता मननभाई अभाणी, दंडक कल्पेशभाई अजवाणी, जिला भाजपा अध्यक्ष चंदुभाई मकवाणा, शहर भाजपा अध्यक्ष गौरवभाई रूपारेलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
