जम्मू, 16 फ़रवरी (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सोमवार को जम्मू और कश्मीर विधानसभा परिसर के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और कहा कि परियोजना अगले साल अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी। 113 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस परिसर में आधुनिक सुविधाएं होंगी और यह नए संसद भवन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।

चौधरी ने जम्मू में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो 2028 का बजट सत्र नए विधानसभा परिसर में आयोजित होने की उम्मीद है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह अक्टूबर 2027 की निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो जाए।”

अधिकारियों के अनुसार परिसर के निचले तहखाने में 95 वाहनों के लिए पार्किंग की जगह होगी जबकि ऊपरी तहखाने में अतिरिक्त पार्किंग के साथ-साथ दो कैंटीन और एक स्वास्थ्य केंद्र भी होगा। अधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य विधानसभा हॉल में 130 सदस्यों के बैठने की क्षमता होगी जिसे आवश्यकता पड़ने पर 142 तक बढ़ाया जा सकता है।
उन्होंने बताया, “इस परिसर में चार गैलरी होंगी जिनकी कुल क्षमता 400 लोगों की होगी। दो मीडिया गैलरी में 150 मीडियाकर्मी बैठ सकेंगे जबकि गेस्ट गैलरी और स्पीकर गैलरी में 35-35 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी।”
चौधरी ने कहा कि यह परियोजना पिछले सात-आठ वर्षों से ठप्प पड़ी थी और इसमें कोई खास प्रगति नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, “सरकार ने काम फिर से शुरू कर दिया है और इसे जल्द से जल्द पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। अध्यक्ष और मुख्यमंत्री दोनों ने इस परियोजना में व्यक्तिगत रुचि दिखाई है, मुख्यमंत्री ने हाल ही में निरीक्षण और समीक्षा की है।” उपमुख्यमंत्री ने मौजूदा विधानसभा भवन को एक धरोहर स्थल बताया जो आधुनिक आवश्यकताओं के लिए तंग और असुविधाजनक हो गया है।
उन्होंने कहा कि नया परिसर विधायकों के लिए तकनीकी रूप से उन्नत वातावरण प्रदान करेगा। चौधरी ने चेतावनी दी कि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के साथ मिलीभगत के खिलाफ चेतावनी दी और कहा कि कड़ी जवाबदेही लागू की जाएगी।
इससे पहले दिन में उपमुख्यमंत्री ने प्रणाली की समीक्षा और दक्षता सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक एवं बाल विकास व पीडब्ल्यूडी कार्यालयों का अचानक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार परियोजनाओं को शुरू करके अधूरा नहीं छोड़ेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
