हावेरी, 14 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस सरकार के 1000 दिन पूरे पर कहा कि उनकी सरकार ने चुनाव में किए गए वादों के मुताबिक काम किया है। गरीबों, महिलाओं, दलितों, अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।

हावेरी में शनिवार को मीडिया से बात करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि हमने जो 592 वादे किए थे, उनमें से 243 ढाई साल में पूरे किए हैं। हम बाकी वादों को भी पूरा करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी।

नेतृत्व के मुद्दे पर सिद्धारमैया ने कहा कि जब मुझे बुलाया जाएगा, मैं दिल्ली जाऊंगा। बार-बार एक ही सवाल न पूछें। उन्होंने कहा कि मैं पहले ही कह चुका हूं कि मैं हाई कमांड के निर्देशानुसार काम करूंगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा
