नई दिल्ली, 16 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के इंद्रलोक इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर एक प्लास्टिक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मौके पर बड़ी संख्या में गाड़ियां रवाना कीं। आग को “मीडियम” श्रेणी का बताया गया।

दमकल विभाग के अनुसार, दोपहर करीब 1:50 बजे आग लगने की सूचना मिली। मौके पर कुल 23 दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। इनमें 9 वाटर टेंडर, 8 वाटर बाउजर, 2 मोटर पंप, एक हाइड्रोलिक टर्नटेबल, एक रेस्क्यू टेंडर, एक ब्रेथिंग फायर टेंडर और एक फोम कंट्रोल कैरियर शामिल थे।

दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे आसपास की अन्य इकाइयों तक आग फैलने से रोका जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
