खूंटी, 16 फ़रवरी (हि.स.)। कर्रा प्रखंड की उडिकल पंचायत के चांपी गांव में महिला की मौत के बाद दाह-संस्कार को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से सोमवार को शांतिपूर्ण रूप से सुलझ गया। दोनों पक्षों की सहमति से महिला का अंतिम संस्कार विधिपूर्वक संपन्न हुआ।

दरअसल, रविवार को नरेंद्र सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी (60) का निधन हुआ। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर रंगरोड़ी नाला श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार करने का प्रयास किया गया। मौके पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने अंतिम संस्कार रोकने का प्रयास किया और जमीन पर अपना अधिकार जताया।

घटना की सूचना तुरंत जरीयागढ़ थाना और पंचायत के मुखिया, जिला परिषद सदस्य तथा पंचायत समिति सदस्यों को दी गई। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि पहुंचे और दोनों पक्षों की बातें सुनकर स्थिति का समाधान किया। स्पष्ट कागजात न होने के कारण प्रशासन ने प्रथम पक्ष को अंतिम संस्कार की अनुमति दी, जिसके बाद अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी अन्य समुदाय के लोग शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के दिन पूजा करने से रोकने का प्रयास कर चुके हैं। क्षेत्र में पहले से लागू धारा-144 के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि भविष्य में ऐसे विवादों को रोकने और क्षेत्र में शांति व सौहार्द बनाए रखने के लिए गंभीर कदम उठाए जाएं।————-
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
