नाहन, 16 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के नया बाजार स्थित नाहन को-ऑपरेटिव बैंक की नई बिल्डिंग के पास फैली अव्यवस्था आज स्कूली बच्चों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गई। सड़क के दोनों ओर गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों के कारण सुबह के समय भारी जाम लग गया, जिससे स्कूल बसों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि बसों में सवार कई बच्चों की साेवमार काे वार्षिक परीक्षा थी, और जाम के कारण उनके समय पर स्कूल पहुँचने को लेकर अनिश्चितता बनी रही।

क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक जाम और बच्चों की परेशानी को देखते हुए समाजसेवी ईशान राव ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने मौके से ही ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची और बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। ईशान राव ने बताया कि नया बाजार जैसे संकरे और व्यस्त मार्ग पर अवैध पार्किंग न केवल आम जनता, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी एक गंभीर चुनौती बन गई है।

ईशान राव ने प्रशासन का ध्यान इस ओर भी खींचा कि अवैध पार्किंग और बस स्टॉप की कमी केवल नया बाजार तक सीमित नहीं है। शहर के कई अन्य मुख्य मार्गों पर भी जगह-जगह अवैध पार्किंग ने पैदल चलने वालों और वाहन चालकों का जीना दूभर कर रखा है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन पूरे शहर का सर्वे करवाकर चिन्हित स्थानों पर बस स्टॉप बनाए और अवैध पार्किंग के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाए ताकि भविष्य में बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
