नरेन्द्र के साथ दो अन्य इंजीनियर भी आए गिरफ्त

में, डिवाइस, मोबाइल व अन्य सामान जब्त

हिसार, 16 फरवरी (हि.स.)। जिले के गांव मिंगनीखेड़ा
निवासी एवं फिट इंडिया के एंबेसडर पर्वतारोही नरेंद्र कुमार को साथियों सहित छत्तीसगढ़
में गेट परीक्षा में नकल करवाते पकड़ा गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। बताया
जा रहा है कि नरेंद्र के साथ दो अन्य इंजीनियर पकड़े गए हैं और ये सभी हरियाणा के रहने
वाले हैं।
सामने आए मामले के अनुसार रायपुर के निजी कॉलेज
में दो दिन पहले गेट परीक्षा हुई थी। यहां
पर पर्वतारोही नरेन्द्र सहित तीनों युवक जूते में ब्लूटूथ डिवाइस छुपाकर पहुंचे
थे। इनके ब्लूटूथ डिवाइस बाहर बैठे अन्य तीन युवकों से कनेक्ट थे। ये आरोपी भी हरियाणा
से आए थे। इस परीक्षा में जूते पहनकर जाने की अनुमति होती है, इसलिए जूते की चेकिंग
नहीं हुई। एग्जाम सेंटर पहुंचने के बाद स्टूडेट्स ने वॉशरूम जाकर डिवाइस कान में लगाया
और एक्टिवेट कर लिया। इधर से दबी आवाज में सवाल बताने लगे और बाहर बैठे सॉल्वर जवाब
दे रहे थे। परीक्षा केंद्र प्रभारी को शक होने पर उन्होंने थाने में सूचना दी। मौके
पर पहुंची पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि स्टूडेट्स से
दो-दो लाख में डील हुई थी।
बताया जा रहा है कि हरियाणा के रहने वाले दर्शन
सहवाग, लक्ष्मीनारायण और अमर तीनों बीटेक पास कर चुके हैं और एमटेक के लिए
गेट परीक्षा दे रहे थे। इनमें दर्शन और अमर जॉब भी कर रहे हैं। तीनों को रायपुर के
सरोना स्थित निजी कॉलेज में सेंटर मिला था। परीक्षा पास कराने के लिए तीनों ने नकल
कराने वाले गैंग की मदद ली थी। हिसार के गांव मिंगनीखेड़ा निवासी पर्वतारोही नरेंद्र
कुमार, इंजीनियर सुमित सहवाग और अमर से दो लाख में डील हुई। नकल की पूरी प्लानिंग हरियाणा
में ही हो गई थी। तीनों स्टूडेंट से 6 लाख लेने के बाद रायपुर पहुंचे थे।
पर्वतारोही नरेंद्र कुमार कई खतरनाक चोटियों पर
चढ़ाई कर भारत का तिरंगा फहरा चुके हैं, जिनमें माउंट एल्ब्रस (यूरोप) भी शामिल
है। उसने 2019 में अपनी यात्रा शुरू की और अन्नपूर्णा, मनास्लू और किलिमंजारो जैसी
प्रमुख चोटियों पर तिरंगा झंडा फहराया। 2025 में यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस
पर चढ़ाई की। वर्ष 2025 में ही विश्व की आठवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मनास्लू पर तिरंगा फहराया।
इसके अलावा माउंट अन्नापूर्णा के खतरनाक शिखर पर भी तिरंगा फहराया था।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल जब्त
रायपुर पश्चिम के डिप्टी पुलिस कमिश्नर संदीप
पटेल के अनुसार आरोपियों के कब्जे से तीन ब्लूटूथ ईयर डिवाइस (सूक्ष्म/छिपाने योग्य),
चार ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, आठ मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, अन्य इलेक्ट्रॉनिक
उपकरण नकल कराने से संबंधित सामग्री बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है वहीं
नरेन्द्र के पकड़े जाने पर हर क्षेत्र में हैरानी व्यक्त की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
