धमतरी, 16 फ़रवरी (हि.स.)। ग्राम लोहरसी के ग्रामीणों ने फसल चक्र परिवर्तन कर रबी सीजन में दलहन और तिलहन का फसल लगाया है। इस फसल की समर्थन मूल्य पर खरीद एवं नाली निर्माण में गुणवत्ताहीन कार्य के जांच की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे।

ग्राम लोहरसी की सरपंच माहेश्वरी गजेंद्र एवं उपसरपंच चंद्रहास साहू ने बताया कि इनके गांव में पिछले वर्ष 2025 में पूर्व कलेक्टर के निर्देश पर फसल चक्र परिवर्तन पर जोर देते हुए चना, सरसो, गेहूं, उड़द, मूंग सहित अन्य फसलों का उत्पादन किया गया था। इन फसलों को लोहरसी सोसाइटी के खरीद केंद्र में 40 गांव के किसानों ने समर्थन मूल्य पर बेचा था। खरीद के बाद किसानों का भुगतान तीन महीने के बाद किया गया था। जिसकी वजह से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष भी सोसाइटी के माध्यम से दलहन-तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाए। इसके साथ ही राशि का भुगतान अविलंब किया जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लोहरसी से खरतुली तक नहर नाली का निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यह नाली यहां की कृषि सिंचाई का मुख्य साधन है। इस निर्माण कार्य की जांच कर संबंधितों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान देवव्रत नेताम, कौशल साहू, सावित्री सिन्हा, देवकी, कुलेश्वरी सिन्हा, बलराम साहू, गैंद लाल साहू, ओंकार सोनवानी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
