गांधीनगर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। गुजरात में गर्मी की शुरुआत के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पंचमहल जिले में शुक्रवार (20 फरवरी) सुबह अचानक मौसम बदल गया और गोधरा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेमौसम बारिश शुरू हो गई। इस अचानक हुई बारिश से जहां मौसम ठंडा और सुहावना हो गया, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है।

सिर्फ पंचमहल में ही नहीं, बल्कि सूरत और वडोदरा में भी बेमौसम बारिश देखने को मिली। कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव जैसी स्थिति बन गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। पिछले कुछ दिनों से जिले में अजीब मौसम का अनुभव हो रहा है। पंचमहल में एक ही दिन में सर्दी और गर्मी दोनों का एहसास हो रहा है। सुबह ठंडी हवाओं और बारिश के कारण ठंडक रहती है, जबकि दोपहर में तापमान बढ़ने से तेज गर्मी महसूस होती है।
इस बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर रबी फसल की कटाई का समय नजदीक होने के कारण नुकसान का खतरा मंडरा रहा है। खेतों में तैयार गेहूं और चने की फसल को बारिश से नुकसान होने की आशंका है। साथ ही मौसम में अचानक बदलाव से फसलों में कीट लगने और लोगों में सर्दी-खांसी जैसे वायरल संक्रमण बढ़ने की संभावना भी बढ़ गई है।
गोधरा के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। बादलों की वजह से सूर्य की रोशनी कम रही, जिससे सुबह के तापमान में गिरावट देखी गई। वहीं सूरत में भी सुबह-सुबह मौसम बदला और पहले हल्की बारिश के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। शहर और जिले में सुबह से ही बारिश का माहौल बना रहा, जिससे ठंडक बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ जैसी तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इसके कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश और कुछ जगहों पर बादल छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि 24 फरवरी के बाद मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
