भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर राहुल गांधी का फूंका पुतला

लखनऊ, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेशभर में कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया।

लखनऊ में आयाेजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य प्रांशु दत्त द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “कांग्रेस पार्टी देश की प्रगति और विकास कार्यों में निरंतर बाधा उत्पन्न करने का कार्य कर रही है। यह सरकार का विरोध करते-करते अब भारत का विरोध कर रही है। चाहे ऑपरेशन सिंधु हो या अन्य कोई भी कार्य, जो पाकिस्तान और देश विरोधी शक्तियों के विरुद्ध भारत द्वारा किया जाता है, उन पर प्रश्न चिन्ह लगा कर यह भारत के विरोध को प्रदर्शन करते हैं। आज भारत का युवा ने इन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को देख लिया है और आगामी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में इनको और उनकी गठबंधन वाली सभी पार्टियों को विधानसभा चुनाव में नंगा करने का काम करेगा।
युवा मोर्चा ऐसे किसी भी राष्ट्रविरोधी कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगा और सड़कों से सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा। आज पूरी दुनिया भारत की एआई शक्ति को सलाम कर रही है। एआई शिखर सम्मेलन को बदनाम करने की कोशिश करना राजद्रोह के बराबर है।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष अनुभव द्विवेदी ने कहा कि “युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। कांग्रेस की भ्रामक राजनीति का जवाब युवाओं द्वारा जनजागरण और विरोध प्रदर्शन के माध्यम से दिया जाएगा। संगठन सदैव जनता के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि लखनऊ महानगर का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस की नीतियों के विरोध में हमारा यह प्रदर्शन जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है और भविष्य में भी ऐसे आंदोलनों को और मजबूत किया जाएगा।
भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला ने बताया कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना रोष प्रकट किया। इस अवसर पर अमित त्रिपाठी संजय शुक्ला अतुल सिंह सचिन सोनकर मनीष शुक्ला चेतन तिवारी नितिन सिंघल दिव्यांश गोयल सुमित रावत विमल सिंह पुष्पेंद्र वर्मा एवं अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा
