दक्षिण 24 परगना, 21 फ़रवरी (हि.स.)।

दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। किराए के मकान में अपनी विवाहिता प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के बाद फरार हुआ आरोपित आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर जयनगर थाना पुलिस ने कर्नाटक में छापेमारी कर 18 फरवरी को आरोपित मासादुर रहमान मोल्ला को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित मासादुर रहमान मोल्ला जयनगर के बकुलतला थाना क्षेत्र के बागमारी गांव का निवासी है। हत्या के बाद वह हावड़ा पहुंचा, जहां उसने मोबाइल का सिम कार्ड बदल दिया और फिर कर्नाटक जाकर अपनी दूसरी पत्नी के पास छिप गया। हालांकि तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे धर दबोचा।
शनिवार को आरोपित को जयनगर लाया गया और इसके बाद उसे बारुईपुर महकुमा अदालत में पेश किया गया। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि मृतका आंजुआरा (23) के साथ उसका विवाहेतर संबंध था। आरोपित का दावा है कि आपसी विवाद और शक के चलते दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद उसने आंजुआरा की गला दबाकर हत्या कर दी और कर्नाटक फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आंजुआरा का मायका मंदिरबाजार इलाके में था, जबकि उसका ससुराल बारुईपुर थाना क्षेत्र के सूर्यपुर में स्थित है। बताया गया है कि करीब चार महीने पहले आंजुआरा अपने पति और दो छोटे बच्चों को छोड़कर आरोपित के साथ जयनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण बारासात ग्राम पंचायत अंतर्गत मष्टिकारी गांव में आई थी। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर वहां किराए का मकान लिया था, और इसी मकान में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
इस घटना के बाद मृत महिला के परिवार ने आरोपित के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और हत्या के आरोप में कानूनी कार्रवाई जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
