नई दिल्ली, 21 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को करावल नगर में महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में नीति और नियत स्पष्ट न होने से दिल्ली देश की राजधानी होने के बावजूद विकास की दौड़ में पिछड़ती गई। खासकर दिल्ली में यमुनापार क्षेत्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर भी काम नहीं हुआ। पिछले एक वर्षों में व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौटी और आज पूरी दिल्ली सेवा, सुशासन और अंत्योदय की योजनाओं का स्वागत कर रही है।

कपिल मिश्रा ने करावल नगर के दयालपुर गांव में बाबा दयाला चौक से सादतपुर एक्सटेंशन की गली नंबर 06 तक तथा करावल नगर गांव की मुख्य मार्केट से लाल बाग मंडी तक आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी।

कपिल मिश्रा ने तुकमीरपुर नाले की पुलिया के नव-निर्माण कार्य का उद्घाटन भी किया। यह परियोजना जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाएगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और जल प्रबंधन में सुधार के लिए काली घटा रोड, पश्चिमी करावल नगर में नाले की पुलिया के नव-निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछले एक वर्ष में करावल नगर में अनेक विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया है। पहले ही वर्ष 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास योजनाओं पर काम शुरू हुआ है। करावल नगर के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं इस वर्ष शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों के सुझावों और सहयोग से विकसित दिल्ली-विकसित करावल नगर के लक्ष्य पर लगातार काम हो रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
