-शनिवार को मेरठ पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा

मेरठ, 21 फरवरी (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर मेरठ पहुंचे। उन्होंने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल, रेलवे स्टेशन आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल के विस्तार और मेरठ मेट्रो का शुभारम्भ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरी और औद्योगिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगा। यह परियोजना न केवल तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन उपलब्ध कराएगी, बल्कि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की सहभागिता संभावित है। इसकी महत्ता व बड़ी जनभागीदारी को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और पूर्णतः व्यवस्थित हों।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल व आसपास सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था, बहुस्तरीय और समन्वित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और सुगमता में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
–तेरह हजार करोड़ लागत की कई परियोजनाओं का उपहार देंगे प्रधानमंत्री रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 हजार 930 करोड़ से निर्मित दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक (पांच किमी.), मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो रेल सेवा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में यह उपहार देंगे। प्रधानमंत्री शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यहां से वे मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो का सफर करेंगे। प्रधानमंत्री मेरठ में जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटिक, मेरठ के सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया समेत स्थानीय जनपद-पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला
