यमुनानगर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। यमुनानगर में कृषि विभाग ने उर्वरक वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं पर रोक लगाने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांसरा क्षेत्र के समीप यूरिया खाद से लदे एक ट्रक को कब्जे में लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसानों के उपयोग के लिए निर्धारित खाद को नियमों के अनुरूप दस्तावेजों के बिना परिवहन किया जा रहा था।

विभागीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में कृषि-ग्रेड यूरिया को संदिग्ध परिस्थितियों में एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रोका और जांच के दौरान उसमें लगभग 550 बोरी यूरिया खाद पाई गई। अधिकारियों ने तुरंत खेप को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद खाद का निर्माण सहकारी क्षेत्र की प्रमुख संस्था कृभको द्वारा किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेप कैथल जिले की ओर से लाई जा रही थी, जबकि परिवहन से जुड़े दस्तावेजों में कई विसंगतियां पाई गईं। उप निदेशक कृषि आदित्य प्रताप डबास ने शनिवार की रात कहा कि किसानों के हिस्से की खाद की कालाबाज़ारी या अवैध भंडारण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की आपूर्ति प्रणाली को पारदर्शी बनाए रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। मामले की सूचना पुलिस को देकर थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। ट्रक, खाद की बोरियां और परिवहन से जुड़े अभिलेखों को जांच के दायरे में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
