आसनसोल, 21 फ़रवरी (हि. स.)। सेल-इस्को इस्पात सयन्त्र के बर्नपुर अस्पताल के शिशु रोग विभाग में हाल ही में एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य शिशु वार्ड में भर्ती नन्हें मरीजों के लिए अस्पताल के वातावरण को अधिक आनंददायक, सकारात्मक और आरामदायक बनाना है। इस नई पहल के अंतर्गत बच्चों के लिए विविध मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियों को अस्पताल परिसर में समाहित किया गया है, ताकि उपचार के दौरान उन्हें असुविधा और मानसिक तनाव से राहत मिल सके।

इस अवसर पर दुर्गापुर स्टील प्लांट के अस्पताल के प्रमुख डॉ राज रंजन कुमार जिन्हें फिलहाल बर्नपुर अस्पताल के प्रमुख का भी अतिरिक्त पदभार दिया गया है, ने बताया कि यह प्रयास बच्चों को मोबाइल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से दूर रखते हुए उनके मनोवैज्ञानिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा। बर्नपुर अस्तापल के वरिष्टतम चिकित्सक डॉ उदय कुमार दास ने कहा कि इस पहल का मुख्य लक्ष्य बच्चों की चिंता एवं तनाव को कम करना, उनके मनोबल को बढ़ाना, सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उपचार प्रक्रिया के दौरान उनकी भावनात्मक स्थिरता एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है।

शिशु रोग विभाग का सफल नेतृत्व कर रही डॉ सुलक्षणा चवन ने कहा कि बच्चों के लिए एक खुशनुमा और सहायक वातावरण तैयार कर यह विभाग न केवल चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहा है, बल्कि मानवीय संवेदना और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है। इस प्रेरणादायी पहल के लिए बाल रोग विभाग की पूरी टीम बधाई एवं प्रशंसा की पात्र है, जिन्होंने अस्पताल को नन्हें योद्धाओं और उनके परिवारों के लिए एक अधिक सुखद और आशावान स्थान बनाने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
