पलामू, 21 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शरदचंद्र सोनक शनिवार को पलामू व्यवहार न्यायालय पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी और उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश भी मौजूद थे।

न्यायालय परिसर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा, उपायुक्त समीरा एस और पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने उनका स्वागत किया। माैके पर पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मान प्रकट किया।

मुख्य न्यायाधीश ने सिविल कोर्ट के विभिन्न कक्षों, न्यायिक पदाधिकारियों के कोर्ट और चैंबर, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कक्ष और दस्तावेजों के रख-रखाव का बारीकी से निरीक्षण किया। परिसर की साफ-सफाई और कमल पुष्प वाटिका को देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और कहा कि यहां आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। दौरे के दौरान मुख्य न्यायाधीश, उनकी पत्नी, उपायुक्त और एसपी ने सिविल कोर्ट स्थित पुष्प वाटिका में पौधारोपण किया।
इस अवसर पर कुटुंब न्यायालय, विभिन्न न्यायिक पदाधिकारी, अभियोजन पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। वहीं मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर न्यायालय परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
