बरेली, 21 फरवरी (हि.स.) । होली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। शनिवार को जिलेभर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 15 खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए, जबकि नवाबगंज में 10 किलो संदिग्ध रंगीन चिप्स जब्त कर सीज कर दिए गए। कार्रवाई आयुक्त स्तर से मिले निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी/सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने फरीदपुर, नवाबगंज, सेंथल, बहेड़ी बाजार और परसाखेड़ा में दबिश दी। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

फरीदपुर के केसरपुर स्थित एक भंडारगृह से सरसों का तेल (महाकोष ब्रांड), वनस्पति और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने लिए गए। गोपालपुर में डेयरी प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध का नमूना भरा गया। बक्सरिया में वनस्पति (गगन ब्रांड) और सरसों तेल की सैंपलिंग की गई।
नवाबगंज बाईपास रोड स्थित पप्पू किराना स्टोर से रंगीन चिप्स और किशमिश के नमूने लिए गए। मौके पर 10 किलो रंगीन चिप्स संदिग्ध पाए जाने पर जब्त कर लिए गए, जिनकी कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई है। सेंथल में गुझिया और पनीर के नमूने भी भरे गए, जबकि बहेड़ी बाजार में दो ब्रांड के सरसों तेल की जांच की गई।
परसाखेड़ा स्थित एक फूड यूनिट से पैक्ड नमकीन पफ, टमाटो मिक्स सीजनिंग पाउडर और मिक्स मसाला के नमूने लिए गए। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जुर्माना लगाया जाएगा।
अक्षय गोयल ने कहा कि होली तक विशेष अभियान जारी रहेगा और मिलावटखोरों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
