जौनपुर,22 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रायोगिक परीक्षाओं की अंक अपलोडिंग व्यवस्था को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शासनादेश के तहत विश्वविद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्य ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं। चालू सत्र में परीक्षा फॉर्म भरने सहित कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं इसी पोर्टल के जरिए संपन्न कराई गईं।वही इस मामले में रविवार को जानकारी लेने पर कुलसचिव केश लाल ने कहाविश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम सेमेस्टर के सेशनल एवं वोकेशनल अंकों की अपलोडिंग समर्थ पोर्टल से ही की जाएगी, जबकि अन्य सेमेस्टरों के अंक पूर्व निर्धारित (पुरानी) पद्धति से जमा होंगे। प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर अन्य कक्षाओं में प्रायोगिक परीक्षकों की नियुक्ति कर उन्हें महाविद्यालयों में भेजा जा रहा है, जहां वे पारंपरिक व्यवस्था के तहत प्रयोगात्मक व सेशनल अंक अपलोड करेंगे। इसके बाद ही परीक्षा परिणाम जारी किए जाएंगे। प्रक्रिया में इस बदलाव से छात्र-छात्राओं में असमंजस और नाराजगी का माहौल है। उनका कहना है कि जब अधिकांश शैक्षणिक कार्य डिजिटल माध्यम से हो रहे हैं, तो सभी सेमेस्टरों की अंक अपलोडिंग भी एक समान पोर्टल के जरिए होनी चाहिए। छात्रों का आरोप है कि कुछ महाविद्यालयों में बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति के नाम पर अतिरिक्त धन की मांग की जा रही है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।छात्रों ने शासन और विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि प्रायोगिक परीक्षाओं की अंक अपलोडिंग के लिए स्पष्ट, पारदर्शी और एकरूप डिजिटल व्यवस्था लागू की जाए, ताकि भ्रम और अनावश्यक आर्थिक दबाव की स्थिति समाप्त हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

