फतेहाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। जिले के शहर रतिया में बढ़ते बेसहारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने कमर कस ली है। हरियाणा सरकार के विशेष दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए रतिया नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुत्तों को पकडक़र नवनिर्मित डॉग शेल्टर होम में भेजा जा रहा है। नगर पालिका द्वारा नियुक्त ठेकेदार की टीम ने शहर के विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए रविवार को 12 और बेसहारा कुत्तों को सफलतापूर्वक पकड़ा। इस ताजा कार्रवाई के साथ ही अब तक शहर से कुल 65 लावारिस कुत्तों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। नगर पालिका के सेनेटरी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा और बेसहारा पशुओं के प्रबंधन के लिए बुढलाड़ा रोड पर एक डॉग शेल्टर होम का निर्माण किया गया है। पकड़े गए सभी कुत्तों को इसी शेल्टर में शिफ्ट किया जा रहा है, ताकि वे राहगीरों या बच्चों के लिए खतरा न बनें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल कुत्तों को शहर से बाहर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी भलाई का भी ध्यान रखा जा रहा है: अभियान के दौरान पकड़े गए जो कुत्ते घायल हैं या किसी बीमारी से ग्रसित हैं, ठेकेदार द्वारा उनका उचित उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। रेबीज के खतरे को खत्म करने के लिए सभी कुत्तों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। सेनेटरी इंस्पेक्टर के अनुसार, यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा ताकि शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित बनाया जा सके। सेनेटरी इंस्पेक्टर ओंकार सिंह का कहना है कि सरकार के निर्देशों पर हमने शेल्टर होम तैयार किया है। हमारा उद्देश्य शहरवासियों को कुत्तों के काटने के डर से मुक्त करना और साथ ही इन बेजुबानों को एक सुरक्षित ठिकाना और चिकित्सा सहायता प्रदान करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

