फतेहाबाद, 22 फरवरी (हि.स.)। शहर की हंस मार्केट स्थित बीज कारोबारी जैन एजेंसीज के मालिक की कार से संदिग्ध परिस्थितियों में 2 लाख 37 हजार रुपए गायब होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीडि़त व्यापारी द्वारा बस स्टैण्ड चौकी में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। व्यापारी ने अपने ही कार के ड्राईवर पर नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि तीन दिन पहले रखे ड्राईवर ने उसकी कार से पैसे चुराये हैं। इस बारे शिकायत मिलने पर पुलिस ने रविवार को जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी कारोबारी राजीव जैन ने बताया कि 20 फरवरी की शाम को वह अपने प्रतिष्ठान से घर जा रहा था। उसने 2 लाख 37 हजार रुपए बैग में डालकर कार में रखे थे। रास्ते में वह फ्रूट लेने के लिए सिरसा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने लगी रेहडिय़ों के पास रूका। उनके साथ ड्राइवर भी उतरा। राजीव जैन ने बताया कि उसे उतार कर ड्राइवर ने गाड़ी आगे करके रोक दी। राजीव जैन का आरोप है कि ड्राइवर ने कार को लॉक नहीं किया। इसके बाद वह घर चले गए। घर जाकर जब उन्होंने बैग संभाला तो उन्हें बैग नहीं मिला। उन्होंने ड्राइवर से पूछा तो उसने कुछ भी पता होने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। राजीव जैन ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल के आसपास के वीडियो चेक किए तो उसमें नजर आ रहा है कि एक युवक ड्राइवर की तरफ इशारे कर रहा है। इसके बाद वह युवक कार से बैग निकाल कर फरार हो जाता है। राजीव जैन ने आरोप लगाया कि ड्राइवर की सपोर्ट में कुछ बीजेपी नेता भी आए। उन्होंने कहा कि युवक छोटा है। उसके खिलाफ पुलिस केस न करवाया जाए। इसके बाद उन्होंने कुछ समय दे दिया। इसके बावजूद ड्राइवर ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने शक्ति नगर निवासी ड्राइवर के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। राजीव जैन की शिकायत मिलने के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

