सिलीगुड़ी, 22 फरवरी (हि. स.)। शहर के महावीर स्थान स्थित एक बहुमंज़िली मार्केट कॉम्प्लेक्स में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। रविवार होने के कारण अधिकांश दुकानें बंद थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़की, जो बिजली मीटर वाले हिस्से से फैल गई। आग की सूचना पाकर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। घटना की खबर फैलते ही मार्केट कॉम्प्लेक्स में मौजूद लोग बाहर निकल आए। घटनास्थल पर सिलीगुड़ी थाने की पुलिस भी पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। संकरी गली होने के कारण दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। दमकल कर्मियों को पहले देशबंधु चित्तरंजन दास फ्लाईओवर के ऊपर से आग बुझाने का काम शुरू करना पड़ा, बाद में दो और इंजन मौके पर पहुंची।

सूत्रों के मुताबिक, बिल्डिंग में अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे आग पर काबू पाने में समय लगा। दमकल विभाग ने बिल्डिंग प्रबंधन को तलब किया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह घटना किसी व्यस्त कार्यदिवस में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
