खूंटी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। तोरपा प्रखंड अंतर्गत अम्मा पकना स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में मंदिर की 24वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को भव्य वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे और पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सुबह नौ बजे से बारह घंटे का अखंड कीर्तन प्रारंभ हुआ, जो रात्रि नौ बजे तक जारी रहा। अखंड कीर्तन के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान जी की स्तुति करते हुए सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति की ओर से महाप्रसाद एवं भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री एम. पी. सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने मंदिर समिति एवं ग्रामीणों को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और संस्कार मजबूत होते हैं। उन्होंने युवाओं से धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में आगे आने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विहिप प्रखंड टीम के हरिशंकर साहु, तुलसी ठाकुर, मनोज साहू, रामानन्द साहू, रमेश भगत, कैलाश साहू एवं द्वारिका दास आदि ने योगदान दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
