-आईबीएम एआई गाॅवटेक इनाेवेशन सेंटर का उद्घाटन समारोह- आईबीएम और राज्य सरकार के बीच हुआ एमओयू हुआ

लखनऊ, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता ने भारत के समग्र विकास की आधारशिला रखी है। पिछले 11 साल में देश ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है, वे अद्भुत और आश्चचर्यजनक हैं। उप्र सरकार डिजिटल इंडिया को आगे बढ़ाते हुए लखनऊ को एआई सिटी बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार काे लखनऊ में आयोजित आईबीएम एआई गाॅवटेक इनाेवेशन सेंटर के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम आईबीएम कार्यालय प्लेटटिनम मॉल सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित किया गया। इस अवसर पर आईबीएम इंडिया और उप्र सरकार के बीच एमओयू भी हुए और दाेनाें पक्षाें ने एक साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में डिजिटल के क्षेत्र में अधिक सशक्त तरीके से काम करने के प्रति भराेसा जताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने दिल्ली में हुई एआई समिट की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया के विभिन्न मंचों पर डिजिटल इंडिया की सफलता दिख रही है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आईबीएम के साथ हुए समझौतों का लाभ उत्तर प्रदेश को मिलेगा।
उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र में डिजिटल इंडिया को लेकर दिए गए अपने वक्तव्य को दोहराते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र (विशेषकर गोरखपुर-बस्ती मंडल) में इंसेफेलाइटिस/दिमागी बुखार पिछले चार दशकों से बच्चों के लिए जानलेवा अभिशाप बना रहा है, अब तक 50 हजार से ज्यादा मौतें हुईं, लेकिन जब हमने इसकी वजह के आंकड़ाें का एनालसिस किया तो पता चला कि स्वच्छ जल न होने व खुले में शौच जाने के कारण यह बीमारी पनपती है। ऐसे में हमारी सरकार ने जल जीवन मिशन से शुद्ध पानी पहुंचाया और प्रधानमंत्री मोदी के मिशन हर घर शौचालय बनाए गए तो बीमारी नियंत्रण में आ गई। इसी प्रकार स्कूली बच्चों के ड्रापआउट को भी जीरो कर दिया गया, जबकि पहले कहीं अधिक था क्योंकि एनालसिस में पता चला कि बच्चियों के लिए शौचालय न होने के कारण बच्चियां स्कूल छोड़ देती थीं, लेकिन अब हर स्कूल बच्चों व बच्चियों के लिए अलग—अलग शौचालय बनाए तो बच्चियां पढ़ने आने लगीं और ड्रापआउट जीरो हो गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव, पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, आईबीएम के चेयरमैन व सीईओ अरविंद कृष्णा, उपाध्यक्ष विशाल चंचल और महाप्रबंधक संदीप पाटिल आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह
