
खड़गपुर, 22 फ़रवरी (हि. स.)। संयुक्त विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हिजली रेलवे स्टेशन से 13 जीवित कछुए बरामद किए। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में यह कार्रवाई 20 फरवरी को की गई, जब एक यात्री ट्रेन के सामान्य डिब्बे से संदिग्ध जूट का बैग मिला।

रविवार शाम रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरपीएफ खड़गपुर मंडल और आरपीएफ पोस्ट हिजली की टीम अतिक्रमण, एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े अपराधों तथा वन्यजीव तस्करी पर विशेष निगरानी रखते हुए जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुबह लगभग 9:35 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-एक पर पहुंची ट्रेन के पिछले सामान्य डिब्बे की तलाशी के समय शौचालय के पास रखा भूरे रंग का जूट का बैग टीम की नजर में आया।

आरपीएफ कर्मियों ने बैग के स्वामित्व को लेकर सहयात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने बैग पर दावा नहीं किया। संदेह के आधार पर बैग की तलाशी लेने पर उसके भीतर 13 जीवित सॉफ्ट शेल कछुए छिपाकर रखे मिले। बरामद कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आरपीएफ पोस्ट हिजली लाया गया और आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। वन विभाग की हिजली रेंज के अधिकारी आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सभी कछुओं को विधिवत प्राप्त कर लिया। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
