धमतरी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। सेवा और समर्पण की भावना को साकार करते हुए 23 फरवरी को महावीर इंटरनेशनल धमतरी द्वारा ग्राम तरसींवा में स्वर्गीय अनुपचंद लुनावत की स्मृति में निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान कुल 200 लोगों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 85 जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया। जांच में लगभग 45 लोग मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिनका शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जा रही है।शिविर का आयोजन अरविंदो नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच झमीत सिन्हा तथा पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राजू चंद्राकर ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में चिकित्सकीय सेवाएं डा रिषिका डोसी और डॉक्टर राधा ने प्रदान कीं। उनके साथ सहयोगी के रूप में सचिन त्रिपाठी, सुशांत आचार्य, विक्रम गिरधर, प्रभा साहू, लक्ष्मी साहू, गौरव यादव और वैभव पांडे सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।इस अवसर पर महावीर इंटरनेशनल छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष ज्ञानचंद लूनावत, कोषाध्यक्ष स्वरूप बेद, खेमचंद गोलछा, सिद्धार्थ सेठिया, नीलू लूनावत, कल्पना लूनावत, अनीता लूनावत और शोभा बैंद की उपस्थिति रही। ग्राम से घनश्याम यादव, ब्यास सिन्हा और राजेंद्र ध्रुव ने आयोजन में सराहनीय सहयोग दिया। अलखराम साहू और सरोज यादव ने इस सेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे समाजसेवी आयोजनों के लिए प्रेरित किया। महावीर इंटरनेशनल के गवर्निंग काउंसिल सदस्य निरंजन हरितवाल ने चश्मा वितरण के अतिरिक्त भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
