राजगढ़, 22 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 का बजट विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प और सर्ववर्गीय कल्याण की भावना के साथ प्रस्तुत किया है।

यह बात राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार ने रविवार को जिला भाजपा द्वारा ब्यावरा में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि यह बजट ज्ञानी थीम पर आधारित है। जी -गरीब कल्याणवाय युवा शक्ति, ए -अन्नदाता, एन नारी शक्ति, आई इन्फ्रास्ट्रक्चर और आई इंडस्ट्री को समर्पित है। बजट में मध्य प्रदेश स्पेसटेक नीति 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे प्रदेश अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भी आगे बढ़ेगा। सिंहस्थ महापर्व के लिए 3,600 करोड़ रुपये का प्रावधान करते हुए पहली बार आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना का बजट में आकलन किया गया है। प्रदेश की जीएसडीपी में 12 प्रतिशत वृद्धि को भी उन्होंने उत्साहजनक बताया।

मंत्री पंवार ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष से लगभग 4 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके तहत 80 स्थान चिन्हित किए गए है।
पंवार ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए विद्युत मंडल द्वारा 5 एचपी तक के कृषि पंपों तथा एक घरेलू कनेक्शन को निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने हेतु 5,276 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के तहत तीन हजार करोड़ रुपए की लागत से सोलर सिंचाई पंप उपलब्ध कराए जाएंगे। राज्यमंत्री पंवार ने बताया कि बजट में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्धघुमक्कड़ वर्ग के लिए 1,691 करोड़ रुपये तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए 2,857 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के लिए 1,801 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 के अंतर्गत 23, 883 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि ब्यावरा, सुठालिया, सारंगपुर और राजगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष एवं लैब निर्माण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। ब्यावरा में प्रमुख मार्गों का निर्माण, नरसिंहगढ़-बैरसिया के बीच पार्वती नदी पर नवीन पुल, राजगढ़ में वीआईपी बायपास तथा सारंगपुर और खिलचीपुर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताते हुए कहा कि जिले के किडनी संबंधित रोगों के मरीजों को जिले के बाहर भटकना पड़ रहा था,लेकिन हमारे लगातार प्रयासों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए भाजपा सरकार ने नए अवसर खोले है, जिसमें ब्यावरा में ट्रामा सेंटर और डायलिसिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी,वहीं सारंगपुर और राजगढ़ में भी डायलिसिस सुविधा मरीजों को आसानी से उपलब्ध होगी।
मंत्री पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश विकास के मामले में पिछड़ गया था। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में सिंचाई का रकबा मात्र 7 लाख हेक्टेयर था,जो अब बढ़कर 56 लाख हेक्टेयर हो गया है। इसी प्रकार पहले प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे,जबकि वर्तमान में उनकी संख्या बढ़कर 30 हो गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, सांसद रोडमल नागर, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलवर यादव, मीडिया प्रभारी आनंद त्रिपाठी, सह मीडिया प्रभारी जगदीश दास, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, विधानसभा मीडिया प्रभारी विनोद शर्मा मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
