पलामू, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

नगरपालिका (आम) निर्वाचन के तहत पलामू जिले में सबसे अधिक पांच नगर निकायों मेदिनीनगर नगर निगम, बिश्रामपुर नगर पर्षद, हुसैनाबाद, हरिहरगंज और छतरपुर नगर पंचायत के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से शुरू है। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह का माहौल है। मतदाता अपने फोटो युक्त मतदाता पहचान पत्र दिखाकर मतदान करते हुए नजर आ रहे हैं। सुबह 9 बजे तक हुसैनाबाद में सबसे अधिक 13.41, मेदिनीनगर में 9.66 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी तरह विश्रामपुर में 10.91 हरिहरगंज में 10.6 और छतरपुर में 9.77 प्रतिशत मतदान हुआ।

इधर, नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष से मतदान प्रक्रिया की अद्यतन जानकारी ली जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सभी मतदाताओं से मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान करने की अपील की है।
246 मतदान केंद्रों पर वोटिंग
जिले में 246 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। कुल 231970 मतदाता हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या 113699 है। मतदान केन्द्रों की संख्या 246 है।
मेदिनीनगर नगर निगम में महापौर पद के लिए 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वर्तमान में यह सीट महिला के लिए अनारक्षित है। इससे पहले भी यह सीट महिला के लिए ही अनारक्षित थी। विश्रामपुर नगर परिषद अनारक्षित महिला, हुसैनाबाद नगर पंचायत अनुसूचित जाति अन्य, हरिहरगंज नगर पंचायत अनुसूचित जाति महिला एवं छतरपुर नगर पंचायत अनारक्षित अन्य के लिए है।
मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार निवर्तमान महापौर अरूणा शंकर, झामुमो की पूनम सिंह, कांग्रेस की नम्रता त्रिपाठी एवं भाजपा की बागी श्रीमती रिंकू सिंह मुख्य मुकाबले में हैं, लेकिन यहां त्रिकोणीय चुनाव के आसार लगते हैं। विश्रामपुर नगर परिषद क्षेत्र में निवर्तमान अध्यक्ष हलीमा बीवी, भाजपा समर्थित उम्मीदवार चंपा शुक्ला एवं सुलेखा प्रिया के बीच मुकाबला है। छतरपुर में अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन, भरत प्रसाद, अली अंसारी एवं भाजपा समर्थित उम्मीदवार कैलाश सिंह मुख्य मुकाबले में हैं।
हुसैनबाद नगर पंचायत में निवर्तमान अध्यक्ष शशि कुमार, प्रथम अध्यक्ष उषा देवी, एवं द्वितीय अध्यक्ष रहे रामेश्वर राम उर्फ छठन के बीच मुुख्य मुकाबला है। रामेश्वर राम भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं, जबकि शशि कुमार को राजद ने समर्थन दिया है।
हरिहरगंज नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हो रहा है। यहां कुमारी शिला चौधरी, पूर्व जिला पार्षद आशा कुमारी, रेणु देवी एवं माधुरी देवी के बीच मुकाबला है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
