सुलतानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र रविवार बीती रात काे एक खड़े ट्रक में बाइक टकरा गई। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि आधार कार्ड से मृतकों की पहचान कानपुर जिले के केशव पुरम आवास विकास निवासी सुमित गौड़ (30) और उनके भाई शुभम गौड़ (23) के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि दाेनाें भाई लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे।

जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किमी 134.200 के पास, पीली पट्टी के अंदर एक लोडेड ट्रक खराब होने के कारण खड़ा था। ट्रक पर तिरपाल पड़ा था। सारंगपुर गांव के पास बाइक पीछे से इस खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में सुमित गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल शुभम गौड़ ने सौ सैया अस्पताल बिरसिंहपुर में इलाज के दाेरान दम ताेड़ दिया।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना देते हुए पंचायतनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
