-अतिरिक्त डीसीपी को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

भुवनेश्वर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय राजस्व सेवा के एक अधिकारी से जुड़े कथित दुष्कर्म मामले की जांच को तेज कर दिया गया है। मामले की जांच का नेतृत्व अब अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस रैंक के अधिकारी को सौंपा गया है।

अतिरिक्त डीसीपी आरती गिरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने साहिद नगर थाना पहुंचकर मामले से संबंधित दस्तावेज एकत्र किए और अब तक की जांच प्रगति की समीक्षा की। इसी बीच केंद्रीय जीएसटी की तीन सदस्यीय टीम सोमवार सुबह करीब 11 बजे साहिद नगर थाने पहुंची और समानांतर रूप से अपनी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता को रविवार को दोबारा बुलाकर उसका बयान दूसरी बार दर्ज किया गया। जांचकर्ताओं ने उसके पास मौजूद फोटो और वीडियो साक्ष्य भी एकत्र किए हैं, जिनके जरिए आरोपी अधिकारी द्वारा ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि महिला ने शिकायत की थी कि अधिकारी ने सत्संग विहार क्षेत्र स्थित अपने सरकारी आवास में उसके साथ दुष्कर्म किया । उसने आरोप लगाया कि घटना की रिकॉर्डिंग की गई और वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
