खूंटी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। विधायक राम सूर्या मुंडा के प्रयास से कर्रा प्रखंड की बमरजा पंचायत के खरतांगा गांव के आठ वर्षीय अनाथ बच्चे अर्पित तिर्की की पढ़ाई का सपना पूरा होगा। विधायक राम सूर्या मुंडा सोमवार को खरतांगा गांव के दौरे पर थे । उसी दौरान उन्हें अनाथ अर्पित तिर्की के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने बच्चे को अपने पास बुलाकर बातचीत की। जब विधायक ने उससे उसके भविष्य के सपने के बारे में पूछा, तो अर्पित ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि वह पढ़ लिख कर भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहता है। बालक के इस जज़्बे और दृढ़ संकल्प को सुनकर विधायक भावुक हो उठे।

उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर अर्पित की पढ़ाई और समुचित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उसका नामांकन नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा।

विधायक ने कहा कि हर बच्चे को सपने देखने और उन्हें साकार करने का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि अर्पित की शिक्षा और भविष्य को लेकर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। मौके पर विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभुकों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के पिछड़े गांवों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, शिक्षा, पेयजल और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
