धनबाद, 23 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि शाम 05 बजे तक धनबाद नगर निगम में 46.98 और चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40 प्रतिशत मतदान हुआ है।

यह जानकारी उपायुक्त ने प्रेस वार्ता में सोमवार को दी। उन्होंने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर अभी भी टोकन लेकर वोटर लाइन में लगे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग समाप्त होने के बाद मतदान प्रतिशत जारी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शाम 05 बजे तक धनबाद नगर निगम में चार लाख 22 हजार 790 और चिरकुंडा नगर परिषद में 22704 वोटरों ने मतदान किया।
उपायुक्त ने बताया कि हालांकि मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर छिटपुट घटनाएं हुईं। इसका सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के स्तर से निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिला कंट्रोल रूम सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ लगातार संपर्क में रहा। जहां हर समस्या का त्वरित समाधान किया गया।
मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सभी 1019 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुआ है। कहीं से भी कोई भी बड़ी घटना सामने नहीं आई है।
इधर, उपायुक्त ने बताया कि अब 27 फरवरी को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना होगी। यहां 11 हॉल में धनबाद नगर निगम और 4 हॉल में चिरकुंडा नगर परिषद के लिए मतों की गिनती की जाएगी। प्रत्येक मतगणना हॉल में 8 से 12 टेबल लगाए जाएंगे। सभी मतपेटिका के स्ट्रांग रूम पहुंचने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया जाएगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्ट्रांग रूम में थ्री लेयर सिक्योरिटी रहेगी। सबसे इनर लेयर में झारखंड आर्म्ड पुलिस की टीम रहेगी। इसके बाद दो लेयर में जिला पुलिस की टीम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा करेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
