देहरादून, 23 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 के तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार और श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र की धनराशि का उपयोग आधारभूत ढांचे, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड,रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित अन्य विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए सहारा बनता रहा है।
धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन होगा, जिसमें देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला आयोजित करेगी।
—————-
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
