सीवान, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के श्रीकलपुर गांव में मंगलवार की सुबह 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने जहां इसे फांसी लगाकर आत्महत्या बताया है, वहीं मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृतका की पहचान संध्या (26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2021 में श्रीकलपुर गांव निवासी सोनू चौहान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। बताया जाता है कि सोनू चौहान वर्तमान में विदेश में नौकरी करता है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।

मृतका की मां मुन्नी देवी, निवासी टड़वा गांव, थाना खुखुंदू, जिला देवरिया, ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मृतका के भाई राज चौहान और आर्यन चौहान श्रीकलपुर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि कमरे में पहुंचने पर शव पलंग के नीचे पड़ा मिला तथा कमरे में तार फैला हुआ था, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत होती है।
परिजनों ने शव को गुठनी पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृतका की मां ने सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद को लेकर अक्सर झड़प होती थी। वहीं अस्पताल पहुंचे ससुराल पक्ष के लोग आरोप लगते ही वहां से चले गए। घटना की सूचना पर एसडीपीओ गौरी कुमारी ने थाना पहुंचकर मृतका के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
