तालाब में तैराकी की प्रेक्टिस कर रहे युवाचंडीगढ़, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में जुलाना से कांग्रेस विधायक व ओलंपियन विनेश फोगाट ने खिलाड़ियों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए खेल मंत्री पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया। मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने राम राय गांव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां के 250 के करीब युवा ऐसे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक हैं। इन खिलाड़ियों को प्रेक्टिस के लिए सरकार को स्विमिंग पुल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव के युवा तालाब में प्रेक्टिस करते हैं।

तालाब में पानी गंदा और प्रदूषित है। इस वजह से युवाओं में चमड़ी से जुड़ी बीमारियां फैल रही हैं। खेल मंत्री गौरव गौतम को चुनौती देते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि वह एक बार इस तालाब में तैरकर देखें। अगले ही दिन अस्पताल में भर्ती हो जाएंगे। अगर ऐसा ना हो तो मैं ये सदन छोडक़र चली जाऊंगी। उन्होंने कहा कि मैं खुद एक खिलाड़ी हूं, खिलाड़ियों की समस्याओं को समझती हूं, इसलिए यह बात उठा रही हूं। विधायक की आक्रामता देखते हुए स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मामले में हस्तक्षेप किया।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि राम राय गांव से करीब 12 किमी दूर जींद के एक्लव्य स्टेडियम में ओलंपिक साइज का स्विमिंग पुल हैं। खिलाड़ी वहां जाकर प्रेक्टिस कर सकते हैं। इस पर फोगाट ने कहा कि खेल विभाग ने यह स्विमिंग पुल प्राइवेट एजेंसी को ठेके पर दिया हुआ है। संबंधित ठेकेदार युवाओं को प्रेक्टिस नहीं करने देता। इसकी एवज में पैसों की डिमांड की जाती है। स्पीकर के दखल के बाद खेल मंत्री ने कहा कि अगर इस संदर्भ में कोई प्रस्ताव आएगा तो सरकार उस पर विचार करेगी। विनेश फोगाट ने कहा कि राम राय गांव के लोगों ने स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी हुई है। इसके बाद भी सरकार स्विमिंग पुल नहीं बना रही।
कुरूक्षेत्र के ज्योतिसर में फिलहाल स्टेडियम नहीं
थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने ज्योतिसर और किरमच गांव में खेल स्टेडियम का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार यहां स्टेडियम बनाती है तो खिलाडिय़ों को मौका मिलेगा। युवा भी नशे से दूर होंगे और देश के लिए खेलेंगे और पदक लाएंगे। खेल मंत्री गौरव गौतम ने साफ कहा कि सरकार के पास फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र में पहले से ही बेहतरीन खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खेल मैदानों की मजबूती के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को 114 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। दो माह में काम पूरे हो जाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
