नोएडा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नोएडा के गलगोटिया कालेज से बी-टेक की पढ़ाई कर रहे एक 19 वर्षीय छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर बीती रात मंगलवार को आत्महत्या कर लिया। बुधवार को इस सूचना पर पहुंची थाना बीटा- दो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मरने से पूर्व छात्र ने एक युवती को मैसेज किया है, जिससे प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।

थाना बीटा-दो के प्रभारी विनोद कुमार ने बुधवार को बताया कि गौरव (19) पुत्र राजेश कुमार मूल निवासी रेवाड़ी हरियाणा मौजूदा समय में भगत सिंह हॉस्टल सेक्टर पाई-4 में रहता था। उन्होंने बताया कि वह गलगोटिया कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मंगलवार की रात को छात्र ने हॉस्टल में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आत्महत्या करने से पूर्व एक युवती को मैसेज किया है। जिसमें उसने आई लव यू लिखा है। पुलिस को आशंका है कि प्रेम प्रसंग के चलते छात्र ने आत्महत्या किया है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
