जम्मू, 25 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की है। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के भाई विजय चौधरी के घर पर छापेमारी की गई है। विजय चौधरी वर्तमान में जम्मू-कश्मीर पुलिस में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीवाईएसपी) के पद पर तैनात हैं।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के आरोपों के संबंध में की गई है। एसीबी की टीम ने उनके घर के साथ-साथ अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में जांच काफी समय से चल रही थी।

राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक एसीबी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन छापेमारी चल रही है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
