नोएडा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नोएडा शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। ये सभी घटनाएं मंगलवार देर रात की है। पुलिस सभी शवाें काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच कर रही है।

दादरी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार काे बागपत के खेकड़ा निवासी राहुल कुमार (25) मंगलवार देर रात दादरी टोल प्लाजा के पास सड़क हादसे का शिकार हाे गये। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर राहुल की मौत हो गई। उपनिरीक्षक सोमजी तिवारी ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि मूलरूप मध्य प्रदेश के रहने वाला विमलेश कुमार (19) कंस्ट्रक्शन साइट पर श्रमिक के रूप में काम करता था। मंगलवार बीती रात को वह परी चौक पर सड़क पार कर रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसी तरह दनकौर थाना क्षेत्र के एनआरआई सिटी के पास से मंगलवार देररात को सड़क हादसे में प्रभात कुमार (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रभात को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा थाना जारचा क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में एक 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई है। थाना प्रभारी कैलाश नाथ ने बताया कि शव का शिनाख्त कराया जा रहा है।————–
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
