सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। त्रिवेणीगंज के महेसुआ पंचायत के रहटा टोला में हुए छात्रा हत्याकांड की जांच के क्रम में भाकपा माले की टीम ने मंगलवार देर संध्या घटनास्थल का दौरा किया। जिला सचिव जयनारायण यादव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से विस्तृत बातचीत कर घटना की जानकारी ली।

जांच टीम ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आज महिलाएं घर के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। टीम के अनुसार स्नातक की छात्रा का घर के आंगन के पास स्थित ट्यूबवेल से अपहरण किया गया। इसके बाद लगभग 300 मीटर दूर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गई तथा शव को शीशम के पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।

टीम ने आशंका जताई कि घटना को अंजाम देने वाले लोग संभवतः परिचित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में महिलाओं और बच्चियों की स्थिति चिंताजनक है तथा सुपौल जिले में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं।
बताया गया कि युवती बचपन से अपने ननिहाल में रह रही थी और घटना की रात चचेरी मौसी के मेहंदी समारोह में गई थी। रात नौ बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद उसका शव ओढ़नी से लटका हुआ मिला।
भाकपा माले ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जांच कमिटी में अनिल यादव, जन्मजय राय और अमित चौधरी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
