चंडीगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने ऐलान किया है कि बल्लभगढ़ से पाली तक एलिवेटिड फ्लाईओवर ब्रिज बनाए जाने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को विधानसभा में फरीदाबाद एनआईटी के विधायक सतीश कुमार फागना के सवाल पर उन्होंने बताया कि इस सड़क को पीपीपी मोड पर बनाने की संभावना पर काम किया जा रहा है।

प्रोजेक्ट की व्यवहारिक अध्ययन पूरी होने और परियोजना की उपयुक्तता के बाद, बजट प्रावधान के बारे में अलग से फैसला लिया जाएगा। योजना पर अभी काम शुरू हुआ है। इसलिए समय सीमा तय नहीं की जा सकती है।

इसके बाद शाहबाद के विधायक रामकरण काला के सवाल के जवाब में रणबीर गंगवा ने कहा कि गांव कठुआ से मुगल माजरा जाने वाली सड़क पर दो तटबंध मार्ग के उपर टाइप दो बाक्स टाइप पुल बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने रेलवे फाटकों पर रेलवे ओवर ब्रिज तथा रेलवे अंडर ब्रिज बनाने के मुद्दे पर सरकार से स्टेट्स रिपोर्ट मांगी। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि रेलवे फाटक संख्या 21-सी, 22-सी तथा 24-सी पर आरओबी तथा आरयूबी बनाने पर विचार किया जा रहा है। वर्तमान में रेलवे लाइन के दोनों तरफ मौजूदा सड़क की जमीन की कमी और सड़क के किनारे आबादी होने की वजह से आरयूबी बनाना मुमकिन नहीं है। इसलिए समय सीमा तय नहीं की जा सकती है। इसके बावजूद इस योजना को बंद नहीं किया गया है। इसकी संभावनाएं तलाश की जा रही हैं। ———————-
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
