हुगली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के तारकेश्वर में तृणमूल कांग्रेस विधायक रामेंदु सिंह राय के खिलाफ आपत्तिजनक और आरोपों से भरे पोस्टरों से इलाके में सनसनी फैल गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे इन पोस्टरों में विधायक पर तोलाबाजी, बालू चोरी और दुष्चरित्र होने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

इन पोस्टरों में विधायक से जुड़ी कथित कई भ्रष्ट गतिविधियों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इन पोस्टरों पर किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक पार्टी का नाम नहीं लिखा है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन्हें किसने और किस उद्देश्य से लगाया।

स्थानीय राजनीतिक हलकों का मानना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए यह हरकत विधायक के विरोधी गुट या किसी विपक्षी पार्टी की ओर से की गई हो सकती है। पोस्टर सामने आने के बाद पूरे तारकेश्वर इलाके में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
इस मामले पर स्थानीय माकपा नेता मोंटू भौमिक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पोस्टरों में वही लिखा गया है जो सच है।
उल्लेखनीय है कि रामेंदु सिंह राय न केवल तारकेश्वर के विधायक हैं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस के आरामबाग सांगठनिक जिला के जिलाध्यक्ष भी हैं। इस पूरे विवाद पर विधायक ने बुधवार को कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया देने से इनकार किया, लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्टर किसने लगाए हैं।
पोस्टर विवाद के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बना हुआ है और स्थानीय लोग भी इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
