धर्मशाला, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के अन्तर्गत नगरोटा बगवां में पुलिस ने एक व्यक्ति को 72 ग्राम चरस और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। पुलिस को यह सफलता गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर मिली।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी रणजीत सिंह पुत्र लब्बू राम, निवासी गांव लोअर हटवास, तहसील नगरोटा बगवां जिला कांगड़ा के कब्जे से 72 ग्राम चरस और 29 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। जिस पर उपरोक्त आरोपी को मौका पर ही गिरफ्तार करके इनके विरूद्ध पुलिस थाना नगरोटा बगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ निरंतर जारी विशेष अभियान में लगातार गश्त, गुप्त सूचना एकत्रित करना इत्यादि जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना नगरोटा बगवां की टीम बीती देर रात गश्त पर थी तो गुप्त सूचना मिली कि उपरोक्त आरोपी लोअर हटवास में अपने तरपालनुमा टपरी/घर से चलते फिरते ग्राहकों को चरस बेचने का धन्धा करता है। पुलिस टीम द्वारा हालात के मध्यनजर नियमानुसार त्वरित प्रभावी कार्यवाही करते हुए उपरोक्त आरोपी के टपरी/घर की तलाशी ली तो वहां से 72 ग्राम चरस तथा 29,500 रूपये बरामद हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
