गुवाहाटी, 25 फरवरी (हि.स.)। आगामी होली त्यौहार के दौरान सुलभ और आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान करने तथा यात्री परिवहन में होने वाली बढ़ोतरी के बेहतर प्रबंधन के लिए, भारतीय रेलवे द्वारा पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) क्षेत्राधिकार में कुल 14 जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के 128 फेरों का परिचालन किया जाएगा। त्यौहारी भीड़ के दौरान मौजूदा नियमित ट्रेन के अतिरिक्त ये स्पेशल सेवाएं परिचालन को अतिरिक्त बढ़ावा और जरूरी अतिरिक्त क्षमता प्रदान करेगी।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि फरवरी, 2026 से होली स्पेशल ट्रेनों के रूप में 11 जोड़ी ट्रेनें पहले से ही चल रही हैं। इसके अलावा टाटानगर-कटिहार-टाटानगर, अगरतला-गुवाहाटी-अगरतला और किशनगंज-लालकुआं-किशनगंज के बीच तीन और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इन ट्रेनों का विवरण इस प्रकार हैं।

स्पेशल ट्रेन संख्या 08181 (टाटानगर- कटिहार) 2 मार्च से 30 मार्च तक प्रति सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन टाटानगर से 13:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन कटिहार 07:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में, स्पेशल ट्रेन संख्या 08182 (कटिहार-टाटानगर) 3 मार्च से 31 मार्च तक प्रति मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन कटिहार से 10:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन टाटानगर 04:30 बजे पहुंचेगी। दोनों ट्रेनें 05-05 फेरों के लिए चलेंगी।
इसी तरह, स्पेशल ट्रेन संख्या 05628 (अगरतला-गुवाहाटी) 5 मार्च से 26 मार्च तक प्रति गुरुवार को चलेगी। यह अगरतला से 19:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन गुवाहाटी 09:00 बजे पहुंचेगी। वापसी में, स्पेशल ट्रेन संख्या 05627 (गुवाहाटी-अगरतला) 6 मार्च से 27 मार्च तक प्रति शुक्रवार को चलेगी। यह गुवाहाटी से 13:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन अगरतला 04:25 बजे पहुंचेगी। दोनों ट्रेनें 04-04 फेरों के लिए चलेंगी।
इसके अलावा, ट्रेन संख्या 05741 (किशनगंज-लालकुआं) 5 मार्च से 26 मार्च तक प्रति गुरुवार को चलेगी। यह किशनगंज से 08:30 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन लालकुआं 15:40 बजे पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 05742 (लालकुआं-किशनगंज) 6 मार्च से 27 मार्च तक प्रति शुक्रवार को चलेगी। यह लालकुआं से 20:40 बजे प्रस्थान करेगी और रविवार को किशनगंज 02:00 बजे पहुंचेगी। दोनों सेवाएं 04-04 फेरों के लिए चलेंगी।
स्पेशल ट्रेनों के परिचालन के अलावा, पूसीरे ने त्यौहारी मौसम के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को समायोजित करने के लिए इस ज़ोन के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के लिए और भी व्यापक कदम उठाए हैं। पीने के स्वच्छ पानी की उपलब्धता, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, प्लेटफॉर्मों और सर्कुलेटिंग क्षेत्रों पर सिस्टमेटिक भीड़ प्रबंधन एवं सहायता केंद्र और अतिरिक्त ऑन-ग्राउंड कर्मियों के माध्यम से यात्रियों को सहयोग करने हेतु कई और व्यवस्थाएं की गई हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य त्यौहारी भीड़ के दौरान यात्रियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
