हाथरस, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर वाले आठ वाहनों को सीज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत की गई। इन वाहनों से तेज आवाज और पटाखों जैसी ध्वनि निकालकर लोगों को परेशान किया जा रहा था।

पिछले कुछ दिनों से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि थाना हाथरस गेट क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व स्कूलों की छुट्टी होने पर बच्चों के बाहर निकलते समय मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालकर उन्हें परेशान करते हैं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में एक टीम गठित की। उन्होंने मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में स्कूलों के आसपास एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान, हाथरस गेट पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगे आठ मोटरसाइकिलों को मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत सीज कर दिया। इसके साथ ही, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
