चंडीगढ़, 25 फ़रवरी (हि.स.)। फरीदाबाद के बल्लबगढ़ की जनता कालोनी के 1624 परिवारों को अब मालिकाना हक मिलेगा। सरकार ने इन परिवारों को जमीन का मालिकाना हक देने और उनकी जमीनों की रजिस्ट्री करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बजट सत्र के बाद जनता कालोनी में विशेष कैम्प लगाया जाएगा ताकि लोग मौके पर ही आवेदन कर सकें और उनकी जमीनों की रजिस्ट्री करवाई जा सके।

पूर्व मंत्री व बल्लबगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया। निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इस सवाल के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बैठक के दौरान भी चर्चा हुई।

सीएम ने इस बात पर चिंता भी जताई और बैठक में ही तय किया गया कि कमजोर वर्ग आवास योजना के तहत आवंटित किए गए मकानों को मालिकाना अधिकार दिए जाएंगे।
लगभग चालीस साल पहले यह योजना बनाई गई थी। विपुल गोयल ने कहा कि 2016 तक की अवधि के दौरान लाभार्थी परिवारों को मकान की किस्त जमा करवानी थी। उन्होंने कहा कि बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्होंने अभी तक किस्त जमा नहीं करवाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे भी कई मामले हैं, जिनमें लोगों ने अपने मकान पावर ऑफ अटार्नी के जरिये दूसरे लोगों को बेच दिए हैं।
जिन लोगों ने अपनी किस्तों का भुगतान नहीं किया, उन्हें इसका भुगतान करने का एक मौका दिया जाएगा। इस अवधि का ब्याज भी सरकार ने माफ कर दिया है। मूलचंद शर्मा ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इससे गरीबों को बड़ी राहत मिलेगी। विपुल गोयल ने कहा कि कैम्प में आवेदन करने और बकाया किस्त जमा करवाने वाले सभी परिवारों को मकानों का मालिकाना हक दिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
