धनबाद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) के निर्माण कार्य में हो रही देरी को गंभीरता से लेते हुए आसनसोल के डीआरएम संग्रह मौर्य ने बुधवार को कुमारधुबी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के लोगों को जरूरी निर्देश भी दिया।

मौके पर डीआरएम ने कहा कि फ्रेट कॉरिडोर भारतीय रेलवे की प्राथमिक परियोजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य मालगाड़ियों की आवाजाही को तेज, सुरक्षित और समयबद्ध बनाना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारियों से देरी के कारणों की जानकारी ली और बाधाओं को तत्काल दूर करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों, निर्माण गुणवत्ता, सामग्री की उपलब्धता और श्रमिकों की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। डीआरएम ने कार्य में तेजी लाने के लिए संसाधनों की संख्या बढ़ाने, शिफ्टों में काम कराने और समय-सीमा तय कर प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही, स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश भी दिया गया।
रेलवे अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को जल्द पूरा किया जाए, ताकि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो सके। डीआरएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि तय समय-सीमा में प्रगति नहीं दिखने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
