गुवाहाटी, 26 फरवरी (हि.स.)। असम राज्य एआईएस-140 व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) मॉनिटरिंग सेंटर एवं बैकएंड सिस्टम का उद्घाटन आज शाम गुवाहाटी के कटाबाड़ी स्थित इंटर स्टेट बस टर्मिनल के द्वितीय तल पर किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन असम सरकार के परिवहन एवं बोडोलैंड कल्याण मंत्री चरण बोड़ो द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर गुवाहाटी पश्चिम के विधायक एवं एमट्रान के अध्यक्ष रमेंद्र नारायण कलिता भी उपस्थित रहेंगे।

निर्भया फ्रेमवर्क के अंतर्गत स्थापित यह मॉनिटरिंग सेंटर राज्य में सार्वजनिक परिवहन वाहनों की रियल-टाइम निगरानी को सुदृढ़ करेगा तथा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस केंद्रीकृत बैकएंड प्रणाली के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को भी अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, यह पहल तकनीक आधारित समाधान के माध्यम से असम में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम प्रयास है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
