बिजनौर, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में नजीबाबाद थाना क्षेत्र में हरिद्वार रोड पर समीपुर के निकट बीती रात गंग नहर के पुल से एक बोलेरो कार 50 फुट नीचे गहराई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए।

सीओ नीतीश प्रताप सिंह ने गुरुवार को बताया कि बीती रात्रि लगभग दो बजे बारात से ऋषिकेश वापस लौट रही अनियंत्रित बोलेरो कार समीपुर के पास रेलिंग तोड़ते हुए गंग नहर पुल से नीचे जा गिरी। इस हादसे में सचिन (30) व सतीश (35) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि विशाल, गोविंद, अंकित, सुनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया है। कार सवार सभी युवक मुनि की रेती टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं।

सीओ ने बताया कि उन्होंने थानेदार राहुल सिंह के साथ मौका मुआयना कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
