मुंबई, 26 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान हादसे को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। शिवसेना (ठाकरे गुट) के सांसद संजय राऊत ने कहा है कि अजीतदादा की मौत एक्सीडेंट नहीं, बल्कि गैर इरादतन हत्या है। इस मामले में गेर-इरादतन हत्या का केस दर्ज होना चाहिए।

एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने मीडिया के सामने दावा किया कि पुलिस ने केस दर्ज करने से मना कर दिया। इसे लेकर राऊत ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भले ही सरकार इस घटना को एक्सीडेंट कह रही है, लेकिन हम इसे गैर इरादतन हत्या मानते हैं। रोहित पवार ने विजिबिलिटी से लेकर ब्लैक बॉक्स तक की विस्तार से स्टडी पेश की है। मुख्यमंत्री और संबंधित एजेंसियों को इस मामले को हल्के में नहीं लेना चाहिए। जांच में पारदर्शिता होनी चाहिए।

राऊत ने दावा किया कि पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने का दबाव डाला गया था। वीएसआर कंपनी और डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। उनकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। किसी को तो जवाब देना ही होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
