जम्मू, 26 फ़रवरी (हि.स.)। श्रीनगर में मास्टर संसार चंद बारू मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) के सहयोग से आयोजित सप्ताहभर चलने वाली राष्ट्रीय कला कार्यशाला ‘आदि शंकराचार्य संसार’ का आज आध्यात्मिक और कलात्मक वातावरण में समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 43 बटालियन मुख्यालय, जिला पुलिस लाइन बडगाम में किया गया। इसमें श्रीनगर, दिल्ली और कोलकाता से आए कलाकारों ने आदि शंकराचार्य के अद्वैत वेदांत दर्शन को जीवंत रंगों और सशक्त दृश्य कथाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

अंतिम दिन सीआरपीएफ के ऑफिसर्स मेस में घोड़ों की एक आकर्षक और ऊर्जावान पेंटिंग तैयार की गई, जो शक्ति, स्वतंत्रता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बनी। इस कलाकृति को अधिकारियों और प्रतिभागियों ने सराहा। ट्रस्ट ने कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग के लिए डीआईजी सीआरपीएफ विवेक भंद्राल का विशेष आभार व्यक्त किया।

बाद में ट्रस्ट के सदस्यों ने कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा से भेंट की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला सांस्कृतिक जागरण, युवा प्रेरणा और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। ट्रस्ट की अध्यक्ष अनुराधा ऋषि ने कहा कि कार्यशाला ने कैनवास को ध्यान और सांस्कृतिक चेतना की यात्रा में बदल दिया। दिल्ली की शर्मिला शर्मा और कोलकाता के अपूर्बा कराती सहित सभी कलाकारों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
