देहरादून, 26 फरवरी (हि.स.)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आजाद कॉलोनी क्षेत्र में किए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण पर कार्रवाई करते हुए प्राधिकरण ने भवन को सील कर दिया।

जांच में पाया गया कि मुरसीद की ओर से साना मस्जिद के निकट बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसके बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई गई। यह कार्रवाई सहायक अभियंता निशांत कुकरेती,अवर अभियंता नेहा एवं संबंधित सुपरवाइजर की मौजूदगी में संपन्न हुई।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति या नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने भी स्पष्ट किया कि अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए टीमें नियमित निरीक्षण कर रही हैं और भविष्य में भी सीलिंग व ध्वस्तीकरण जैसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
